गोविंद सिंह
हरदोई: विकास खंड अहिरोरी की खंड विकास अधिकारी काजल ने सेवानिवृत्त कर्मचारी के खिलाफ अभिलेख न जमा करने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। टड़ियांवा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बीडीओ ने कहा है कि वर्ष 2016-17 के क्षेत्र पंचायतों के अनिस्तारित प्रकरण के संबंध में तत्कालीन लेखाकार ने कार्यालय में उपस्थित होकर चार्ज में पत्रावलियां उपलब्ध नहीं कराईं। इस पर जिला विकास अधिकारी ने आरोपित कर्मचारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। इस मामले में आरोपित कोतवाली के मोहल्ला मन्नापुरवा लखनऊ रोड निवासी तत्कालीन लेखाकार (अब सेवानिवृत्त) शिव कुमार को नोटिस जारी जारी की गई। बीडीओ के अनुसार इस पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इस कारण पालपुर बैरागीखेड़ा से भानपुर तक खड़ंजा निर्माण का कार्य 850 मीटर कराने की पत्रावली नहीं मिल पाई है। बीडीओ का कहना है कि खंड विकास अधिकारी को भी इस मामले की जानकारी दे दी गई है। थानाध्यक्ष अमित सिंह का कहना है कि जांच चल रही है। तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।